बिलासपुर सेंट्रल जेल में सनसनी: डबल मर्डर के सजायाफ्ता कैदी ने जलती गैसीफायर भट्ठी में लगाई छलांग, मौके पर मौत
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में छलांग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जेल परिसर में खतरे का सायरन बजाया गया, जिससे जेल प्रशासन और बंदियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान बृजेश उर्फ राहुल के रूप में हुई है, जो दोहरे हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) तथा पुलिस की संयुक्त टीम को जांच के लिए लगाया गया। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी तक कैदी कैसे पहुंचा और उसने यह आत्मघाती कदम कैसे उठाया, इसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन घटना के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा में हुई संभावित चूक की भी पड़ताल कर रहे हैं।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।