ब्रेकिंग न्यूज | छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
रायपुर/झांसी, 29 जुलाई। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसे में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
हादसे के समय वाहन में किरण सिंह देव के साथ उनके पीएसओ (PSO) भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, किरण सिंह देव की स्थिति फिलहाल स्थिर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल भाजपा नेताओं और समर्थकों ने किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।