कोरबा में खनिज विभाग का बड़ा एक्शन: 3 जेसीबी और 16 ट्रैक्टर जप्त, अवैध खनन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

Must read

Korba। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर जप्त किए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच के दौरान रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर और आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जप्त किया गया।
इसके अलावा ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। वहीं पौड़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर और डुमरकछार में मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रैक्टर व 1 जेसीबी मशीन को भी जब्त किया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार संबंधित पुलिस थानों और खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी खनि निरीक्षक मदन साहू और सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में की गई।
विभाग का कहना है कि अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने और राजस्व क्षति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More articles

Latest article