जमीन विवाद बना मौत की वजह: छोटे भाई ने बड़े भाई को जिंदा जलाया, मां के सामने हुई दिल दहला देने वाली वारदात

Must read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव में जमीन के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। छोटे भाई ने क्रूरता की हद पार करते हुए अपने ही सगे बड़े भाई को जिंदा जलाकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह यह विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोपी ने बड़े भाई को जबरन कमरे में बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह सब आरोपी ने अपनी मां के सामने किया, जो बेबस होकर चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन अपने बेटे को बचा नहीं सकी।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से पेट्रोल की गैलन सहित अन्य सबूत जब्त किए हैं, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि उसे कड़ी सजा दिलाई जा सके।

More articles

Latest article