कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: जलकर खाक हुआ कोयला लोडेड टीपर, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। खदान के गोदावरी फेस में कोयला परिवहन कर रहे सोनू-मोनू कंपनी के टीपर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और टीपर धू-धू कर जलने लगा।
जानकारी के मुताबिक, कोयले से भरा टीपर लोडिंग के बाद गोदावरी फेस से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने फौरन वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि वह सुरक्षित है।
घटना के बाद खदान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में आग बुझाने के लिए कोई फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टीपर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
परिवहन प्रभावित, रास्ता अस्थायी रूप से बंद
आगजनी के चलते गोदावरी फेस की ओर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे कोयला परिवहन प्रभावित हुआ। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर काम दोबारा शुरू किया गया।

कुसमुंडा खदान में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके ठेका कंपनियों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी है। इस घटना में भी टीपर में फायर सिलेंडर तक नहीं पाया गया।
जांच और कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद श्रमिक संगठनों ने नाराजगी जताते हुए सोनू-मोनू कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।