जैनम प्लेनेट में गणेश चतुर्थी पर 11 दिवसीय आयोजन, ‘भारत एक खोज’ ने बांधा समां

रायपुर। टाटीबंध स्थित जैनम प्लेनेट में गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर से 11 दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान लगातार भंडारे के साथ विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। करीब 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के प्रतिभागी विभिन्न प्रस्तुतियों में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन को लेकर सभी का उत्साह और मनोबल काफी ऊंचा है।
कार्यक्रम के तहत ‘भारत एक खोज’ की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें भारत के विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति, परंपरा और विविधता की झलक मंच पर प्रस्तुत की गई। प्रतिभागियों ने अलग-अलग राज्यों की वेशभूषा और सांस्कृतिक रंगों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
मंच संचालन की जिम्मेदारी अनामिका चक्रवर्ती ने संभाली और अपने प्रभावी संचालन से दर्शकों को बांधे रखा। वहीं दीप्ति बोल्लोरे और सोनल सिद्धानिया ने भी कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति में संदीप अग्रवाल, समीर अग्रवाल, मनोज अग्रवाल और दिनेश तिवारी सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित यह 11 दिवसीय कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सहभागिता का भी माध्यम बन रहा है।