Home Breaking News सेप्टिक टैंक से मिला महिला का सड़ा-गला शव, पति पर हत्या कर...

सेप्टिक टैंक से मिला महिला का सड़ा-गला शव, पति पर हत्या कर शव छिपाने का संदेह

    कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 35 वर्षीय संतोषी उरांव का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। महिला के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
    परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर संतोषी का पति मनोज उरांव से विवाद हुआ था। इसके बाद महिला के साथ मारपीट किए जाने और उसकी मौत के बाद शव को सेप्टिक टैंक में छिपाए जाने का संदेह जताया जा रहा है।
    बताया गया कि 5 सितंबर को संतोषी का भाई अपनी बहन से मिलने बरपाली पहुंचा था। इस दौरान मनोज ने उसे गुमराह करते हुए बताया कि संतोषी रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही घर से चली गई है। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
    19 सितंबर को रिश्तेदार दोबारा गांव पहुंचे तो घर में ताला लगा मिला और मनोज भी वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया।
    शव निकालने के दौरान तहसीलदार, डॉक्टर और फोरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से महिला का पति मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
    फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।