दो साल से फरार हत्या का आरोपी कोंडागांव से गिरफ्तार, शराब में चूहा मार दवा मिलाकर की थी हत्या

Must read

कोरबा। उरगा थाना पुलिस ने लगभग दो वर्षों से फरार हत्या के आरोपी जितेंद्र मसीह को कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोंडागांव पुलिस के सहयोग से पकड़कर कोरबा लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान विकास अग्रवाल की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि मृतक और मुख्य आरोपी वैभव भारती के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वैभव भारती ने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर पहले विकास को अधिक शराब पिलाई और फिर शराब में चूहा मारने की जहरीली दवा मिलाकर डिस्पोजेबल गिलास से पिला दी। तबीयत बिगड़ने पर विकास को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया। घटना के बाद से जितेंद्र मसीह फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
उरगा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर कोंडागांव पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

More articles

Latest article