बाकी मोगरा में अपराधियों के हौसले बुलंद, महिलाओं का प्रदर्शन; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Must read

महिलाओं ने किया सब एरिया मैनेजर का घेराव
कोरबा, 1 अगस्त। बाकी मोगरा के बल्गी क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने सब एरिया मैनेजर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और नशेड़ी युवकों का आतंक बढ़ गया है। रात के समय कॉलोनियों में घूमने वाले ये लोग महिलाओं, युवतियों और बच्चों के साथ छेड़छाड़ करते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
सब स्टेशन पर हमले के बाद भी नहीं हुई सख्त कार्रवाई
महिलाओं ने बताया कि एक सप्ताह पहले बल्गी सब स्टेशन में 15 से 20 बदमाश घुस आए थे और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले में कर्मचारी संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास होने के बावजूद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की थी।
डीजल चोरी और आपराधिक गतिविधियों से परेशान लोग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बाकी मोगरा में डीजल चोरी, सब स्टेशन पर हमले और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की उदासीनता के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
थाना प्रभारी बदला, अब नई उम्मीद
हाल ही में बाकी मोगरा थाना प्रभारी चमन सिंह को लाइन अटैच किया गया है। उनकी जगह कर्तला थाना प्रभारी जितेंद्र यादव को बाकी मोगरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारी अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे।
महिलाओं की प्रमुख मांगें
महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बल्गी सब स्टेशन हमले के आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

More articles

Latest article