बिलासपुर: बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या, चार बाल अपचारी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Must read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की कथित तौर पर चार बाल अपचारियों ने हत्या कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार बाल अपचारियों की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए, गला दबाया और मुंह में गमछा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बाल अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल शिफ्ट किया जाना था। अन्य आरोपियों में हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध बाल अपचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
इधर, मृतक के परिजनों ने बाल संप्रेक्षण गृह के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने कहा है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस संस्थान में कानून से संघर्षरत किशोरों की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, वहीं चौकीदार की हत्या और चार बाल अपचारियों के फरार होने की घटना सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आ रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

    More articles

    Latest article