अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कोरबा में कांग्रेस का प्रदर्शन, ट्रस्ट पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
कोरबा
।
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को टीपी नगर चौक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था इस घटना से आहत हुई है और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मांग की कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि दोष सिद्ध होता है तो संबंधित लोगों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि चढ़ावे से जुड़ी कथित करोड़ों रुपये की अनियमितताओं और बहुमूल्य धार्मिक वस्तुओं के गायब होने जैसे मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों की संलिप्तता मानना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर सामने आए कथित अनियमितताओं के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे घटनाक्रम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं और इन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे की पवित्रता से जुड़े मामले में दोषियों को राजनीतिक संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ओबीसी प्रकोष्ठ, सेवादल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।