कोरबा में सनसनी: दंपत्ति पर जानलेवा हमला, 65 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या; एक ही रात में दो वारदातों से दहला वनांचल
कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत ईरफ के हर्राडीह गांव में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुई दो सनसनीखेज घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे एक दंपत्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि कुछ ही दूरी पर अकेले रह रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक ग्रामीण ने चैतमा पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। बताया गया कि उसके मामा-मामी रात में अपने घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चैतराम के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं। दंपत्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
इसी दौरान दंपत्ति के घर से करीब 100 मीटर दूर एक कुटिया में अकेले रहने वाली 65 वर्षीय वृद्ध महिला की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी शव को पास के जंगल में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने संभाला मोर्चा
एक ही रात में हुई हमला और हत्या की दोहरी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस गांव और आसपास के जंगलों में सघन जांच कर रही है तथा साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हमले और हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
एक ही रात में हुई इन दो वारदातों से हर्राडीह सहित पूरे वनांचल क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।