रिश्वत लेने के आरोप में कटघोरा थाने के दो आरक्षक निलंबित
कोरबा, 6 अगस्त। पुलिस अधीक्षक कोरबा ने रिश्वत लेने के गंभीर आरोप में कटघोरा थाना में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई।
जारी आदेश के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को एक आवेदक ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शपथपत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि कटघोरा थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 747 प्रदीप राठौर एवं आरक्षक क्रमांक 529 रामभवन पटेल ने एक मामले में कार्रवाई के नाम पर उससे अवैध रूप से राशि प्राप्त की।
शिकायत के आधार पर एसडीओपी कटघोरा द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में दोनों आरक्षकों पर कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, संदिग्ध कार्यशैली, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने का उल्लेख किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि दोनों आरक्षकों का आचरण पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया तथा विभागीय नियमों के अनुरूप अपेक्षित सुधार भी उनके व्यवहार में नहीं देखा गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामले में विभागीय जांच जारी है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।