कोरबा: कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने किया चक्काजाम, अधीक्षिका पर गंभीर आरोप

Must read

। जिले के पोंडी उपरोड़ा विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्राओं ने कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा अन्य सुविधाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके बाद मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने अपना आंदोलन समाप्त किया और यातायात फिर से सामान्य हो सका।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया था। अब कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं का सड़क पर उतरना इस बात का संकेत है कि जिले में छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में संबंधित विभाग को छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

More articles

Latest article