राजधानी में बदमाशों के बुलंद हौसले, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से ही छीन लिया मोबाइल

Must read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था अब इतनी “मजबूत” हो चुकी है कि बदमाशों ने आम जनता के बाद अब सीधे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी टारगेट करना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक Dharamlal Kaushik मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि राजधानी की “चुस्त-दुरुस्त” पुलिस व्यवस्था का लाइव डेमो खुद उनके साथ होने वाला है।
सुबह करीब सवा आठ बजे एक बाइक सवार बदमाश आया, मोबाइल छीना और ऐसे फरार हुआ जैसे राजधानी की सड़कों पर नहीं, किसी रेस ट्रैक पर दौड़ रहा हो। विधायक जी देखते रह गए और बदमाश “विकास की रफ्तार” दिखाते हुए आंखों से ओझल हो गया।
दिलचस्प बात यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उसी दौरान प्रदेश के गृह मंत्री Vijay Sharma राजधानी में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में व्यस्त थे। यानी बैठकें चल रही थीं और बदमाश मैदान में अपनी “परफॉर्मेंस” दे रहे थे।
घटना के बाद पुलिस विभाग में अचानक ऐसी हलचल मची, मानो राजधानी में पहली बार कोई अपराध हुआ हो। अब सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, टीमें बनाई जा रही हैं और जल्द गिरफ्तारी के दावे भी शुरू हो चुके हैं। हालांकि शहर की जनता पूछ रही है कि अगर राजधानी में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी आखिर किस भरोसे घर से निकले?
फिलहाल रायपुर में अपराधियों का आत्मविश्वास और पुलिस की “मीटिंग संस्कृति” दोनों चर्चा में हैं।

More articles

Latest article