बिलासपुर पुलिस का MDMA तस्करों पर बड़ा प्रहार, 13 लाख से अधिक का सामान जब्त
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चकरभाठा पुलिस ने अवैध नशीली पदार्थ MDMA की बिक्री करने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम MDMA और एक एस-क्रॉस कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक एस-क्रॉस कार क्रमांक CG 28 L 8130 में दो युवक नशीला पदार्थ MDMA रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना चकरभाठा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 26.05 ग्राम MDMA बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
चंद्रेश बलेचा (29 वर्ष), वार्ड नंबर 12, चकरभाठा, बिलासपुर
महेश वर्मा (21 वर्ष), वार्ड नंबर 05, चकरभाठा, बिलासपुर
पूछताछ में आरोपियों ने MDMA को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की अपील
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या नशे के कारोबार की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके।