कोरबा में दर्दनाक हादसा: कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवतियों की मौत

डेंगूनाला पुल के पास हुआ हादसा, एक युवक गंभीर घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया विरोध।
कोरबा, 14 जुलाई। जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयले से लदे ट्रेलर और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को डायल-112 की सहायता से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक युवतियों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने डेंगूनाला पुल के पास सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस लोगों को समझाइश देकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास करती रही।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।