कोरबा साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में 3 और म्यूल बैंक खाते पर 1 एफआईआर दर्ज
साइबर टिपलाइन और NCRP से मिली शिकायतों पर कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज
कोरबा। कोरबा साइबर पुलिस थाना ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल (CSAM) से जुड़े तीन मामलों और साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए एक म्यूल बैंक खाते के मामले में कुल चार एफआईआर दर्ज की हैं। सभी मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पतले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर नोडल) नीतीश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय की साइबर टिपलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर CSAM से जुड़े तीन अलग-अलग प्रकरणों में एफआईआर दर्ज कर डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तकनीकी विश्लेषण के साथ अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण के दौरान एक बैंक खाते में साइबर ठगी की राशि प्राप्त होने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि उक्त खाते के खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
प्रथम दृष्टया इस बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराध से अर्जित धनराशि के लेन-देन के लिए किए जाने के प्रमाण मिलने पर संबंधित खाताधारक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खाते के वित्तीय लेन-देन, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क की तकनीकी जांच कर रही है।
कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से सूचना दें। साथ ही किसी के कहने पर या लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें और न ही किराए पर उपलब्ध कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या साइबर पुलिस थाना कोरबा को दें।