Vedanta 2.0: बालको समेत एल्युमिनियम सेक्टर की कमान राजेश कुमार सिंह के हाथों में

Must read

डिमर्जर प्रक्रिया के बाद Vedanta Group ने अपने कारोबारी ढांचे को नए स्वरूप में आगे बढ़ाते हुए Vedanta 2.0 के तहत नई कार्यकारी टीम का गठन किया है। समूह ने एल्युमिनियम कारोबार में रणनीतिक बदलाव करते हुए शीर्ष स्तर पर कई नई जिम्मेदारियां तय की हैं।
नई संरचना के तहत बालको समेत पूरे एल्युमिनियम सेक्टर की कमान अब नई नेतृत्व टीम के हाथों में होगी। राजेश कुमार सिंह को एल्युमिनियम कारोबार का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं अनुप अग्रवाल को मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और प्रवीण पुरोहित को मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (CHRO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्रीय स्तर पर भी नेतृत्व तय किया गया है। राजेश कुमार सिंह को Bharat Aluminium Company Limited (बालको) का नया CEO बनाया गया है। वहीं माइक चंदू झारसुगुड़ा इकाई और प्रणव भट्टाचार्य लांजीगढ़ एल्युमिनियम कारोबार की कमान संभालेंगे।
प्रबंधन के अनुसार यह बदलाव समूह की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसमें डिमर्जर और डिजिटलीकरण के जरिए अलग-अलग कारोबारी इकाइयों को अधिक प्रतिस्पर्धी और सक्षम बनाया जाएगा। नए ढांचे से निर्णय प्रक्रिया तेज होने और प्रत्येक बिजनेस यूनिट को स्वतंत्र रूप से विस्तार के बेहतर अवसर मिलने की बात कही गई है।
बालको पर उद्योग जगत की नजरें
देश के प्रमुख एल्युमिनियम उत्पादकों में शामिल बालको में इस बदलाव के बाद उद्योग जगत की नजरें कोरबा इकाई के भविष्य पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि नए नेतृत्व में उत्पादन क्षमता बढ़ाने, डिजिटलीकरण और लागत नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है।
अलग पहचान की दिशा में कदम
डिमर्जर के बाद Vedanta Group अलग-अलग कारोबारी इकाइयों को स्वतंत्र पहचान देने की दिशा में काम कर रहा है। एल्युमिनियम, मेटल, पावर समेत अन्य सेक्टर में अलग रणनीति के साथ विस्तार की तैयारी की जा रही है, ताकि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा को और मजबूत किया जा सके।

More articles

Latest article