KORBA : बदलने वाली है कोरबा की तस्वीर! कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गिनाईं बड़ी योजनाएं, उरगा-कटघोरा रोड से लेकर शहर की सड़कों तक जल्द शुरू होंगे काम, देखे वीडियो

Must read

कोरबा। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली, पानी, सफाई और जर्जर सड़कों को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच शुक्रवार को प्रेस क्लब कोरबा में आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण और राहत भरी जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने साफ संकेत दिए कि आने वाले समय में कोरबा शहर की तस्वीर बदलने वाली है। उन्होंने शहर की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, बिजली और पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने तथा सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने पर प्रशासन का फोकस रहने की बात कही गई।

सबसे ज्यादा चर्चा सड़कों को लेकर हुई। कलेक्टर ने बताया कि लंबे समय से प्रतीक्षित उरगा-कटघोरा नेशनल हाईवे का कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसके अलावा सितामढ़ी से उरगा तक की जर्जर सड़क के सुधार और निर्माण कार्य को भी जल्द गति मिलने वाली है। बरबक-बरहमपुर मार्ग पर भी काम शुरू होने की जानकारी दी गई।

कलेक्टर के बयान से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि जमीनी स्तर पर तेजी से काम शुरू करने की तैयारी में है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कई प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता में रखा गया है, जिससे आने वाले समय में आवागमन काफी आसान हो सकेगा।

वहीं कोरबा-कुसमुंडा मार्ग की बदहाल स्थिति आज भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। आधा-अधूरा निर्माण और जर्जर सड़क के कारण रोजाना हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण कार्य को भी जल्द प्राथमिकता देगा।

फिलहाल, प्रेस क्लब में कलेक्टर द्वारा साझा की गई योजनाओं ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि कोरबा में अब विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने वाली है।

More articles

Latest article