कोरबा की जर्जर सड़कों पर नेता प्रतिपक्ष का हमला, सीएम से की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग

Must read

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने मुख्यमंत्री, कोरबा कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यकता अनुसार चौड़ीकरण कराने की मांग की है।
कृपाराम साहु ने कहा कि नगर निगम का वार्षिक बजट लगभग 900 करोड़ रुपये, डीएमएफ का बजट करीब 600 करोड़ रुपये तथा सीएसआर, अधोसंरचना, राजस्व और अन्य योजनाओं के माध्यम से करोड़ों रुपये उपलब्ध होने के बावजूद शहर की सड़कें बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और कई स्थानों पर सड़कें संकरी होने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण बरसात शुरू होते ही नालियों का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे आम लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोरबा में ट्रैफिक जाम अब लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और निगम आयुक्त से मांग की है कि शहरवासियों को ट्रैफिक जाम और खराब सड़कों की समस्या से राहत दिलाने के लिए निगम क्षेत्र की सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

    More articles

    Latest article