बोलेरो सवारों की दबंगई: युवक को कुचला, पीछा करने वाले पत्रकार को बनाया निशाना

Must read

कोरबा। जिले में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अपराधियों ने आतंक का ऐसा तांडव मचाया कि एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक युवा पत्रकार को अगवा कर बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने पत्रकार को मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया और उसके पास मौजूद नकदी, आईफोन तथा सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए।
खाली सड़क पर विवाद, फिर युवक को बोलेरो से कुचला
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक अपनी कार में बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पूरी तरह खाली होने के बावजूद बोलेरो सवारों ने गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के बीच कार से बाहर निकले एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे (दादू) को बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार वाहन से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पत्रकार ने किया पीछा, रास्ते से किया अपहरण
घटना के बाद युवा पत्रकार अरविंद राठौर और उनके साथी साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने निकले। एनटीपीसी मार्ग होते हुए बलगी मोड़ के पास पहुंचने पर बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
बताया जा रहा है कि 2-3 बाइक पर पहुंचे युवकों ने अरविंद राठौर को स्कूटी से खींचकर गिराया और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
25-30 युवकों ने किया हमला, पिस्टल दिखाकर दी धमकी
पीड़ित के अनुसार, बलगी क्षेत्र में ले जाकर करीब 25 से 30 युवकों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टलनुमा हथियार उसकी कनपटी पर तान दिया। दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपियों ने अरविंद को मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया।
नकदी, आईफोन और सोने के जेवर लूटे
हमलावरों ने जाते-जाते पत्रकार की जेब में रखे करीब एक लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और गले की चेन भी लूट ली।
कुछ देर बाद होश आने पर अरविंद ने अपने दूसरे मोबाइल से साथियों को घटना की सूचना दी। साथी मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर बांकीमोंगरा थाना पहुंचे। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हुए। बुधवारी बायपास से लेकर बलगी मोड़ तक पुलिस टीमों ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे कोरबा जिले में हड़कंप मचा दिया है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इस हमले और कथित लूट के पीछे की असली वजह क्या थी और आरोपी कब तक गिरफ्त में आते हैं।

    More articles

    Latest article