ड्रोन निगरानी से सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.744 किलो गांजा के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार

Must read

बिलासपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ड्रोन कैमरे से निगरानी कर पुलिस ने चिंगराजपारा के कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर 6.744 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 5 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है, जिसके चलते मामले में एनडीपीएस एक्ट के साथ आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सरकंडा को कुछ दिनों पूर्व मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांटीडीह क्षेत्र में नाबालिग बच्चों के माध्यम से गांजा बिक्री का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे की सहायता से क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही थी। ड्रोन सर्विलांस के दौरान संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों को चिन्हित किया गया। इसी क्रम में 1 जून 2026 की सुबह पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि कुंदरू बाड़ी चिंगराजपारा के पास कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा बिक्री और वितरण की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सात आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुश यादव उर्फ पप्पू यादव (25 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा कुंदरू बाड़ी तथा दीपक साहू (18 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा विश्वकर्मा चौक के अलावा पांच नाबालिग शामिल हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 7 पैकेट में 6.744 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 818/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने में पुलिस का सहयोग करें। यदि आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कार्रवाई में शामिल टीम: थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, उप निरीक्षक विदेशी राम साहू, आरक्षक विवेक राय, मिथलेश सोनी, संजीव जांगड़े, रवि चौधरी, रवि शर्मा एवं थाना सरकंडा का स्टाफ।

    More articles

    Latest article