पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा ऑटो खाई में गिरा, 2 की मौत, 7 से अधिक घायल

Must read

कोरबा।
कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 से अधिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बालको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना सोमवार शाम सतरंगा मुख्य मार्ग पर पुल के नीचे हुई। बताया जा रहा है कि ऑटो में करीब 10 युवक सवार थे, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा बस्ती के निवासी हैं। सभी युवक कारीघाट में पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ऑटो सीधे खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि कई युवक ऑटो के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घायल वासु कंवर ने बताया कि ऑटो में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। मृतकों में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव पिता रामकुमार यादव की पहचान हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घायलों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार और 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य युवक शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है, हालांकि दो युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बालको अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल चौकी पुलिस को अस्पताल प्रबंधन द्वारा मेमो भेजा गया है। वहीं बालको थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं और चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

More articles

Latest article