नौकरी का झांसा देकर 35 युवतियों को झारखंड में बनाया बंधक, जबरन कराया जा रहा था काम
छत्तीसगढ़ के दुर्गुकोंदल समेत कई इलाकों की करीब 35 युवतियों को रोजगार दिलाने का सपना दिखाकर झारखंड के गढ़वा जिले ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बनाकर जबरन काम कराने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि युवतियों को बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं थी। इसी बीच एक युवती ने किसी तरह मोबाइल के जरिए अपने परिचित को मदद का संदेश भेजा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ताओं ने झारखंड पुलिस और प्रशासन से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और युवतियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
घटना ने एक बार फिर रोजगार के नाम पर हो रही मानव तस्करी और धोखाधड़ी के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।