VIDEO — तेज रफ्तार का कहर: बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो दोस्तों की मौत
बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा रतनपुर थाना क्षेत्र में गहलोत ढाबा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से दूर जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक तामेश्वर, जोगेश पटेल और दुर्गेश पटेल तीनों दोस्त बाइक से बिलासपुर से कोरबा जिले के हरदी बाजार जा रहे थे। देर रात जब वे रतनपुर के पास पहुंचे, तब उनकी बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक दूर जाकर फेंकी गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गहलोत ढाबा के संचालक और कर्मचारियों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत डायल 112 को सूचना दी और घायलों की मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए बिलासपुर भेजा।
अस्पताल में इलाज के दौरान जोगेश पटेल ने दम तोड़ दिया। वहीं तामेश्वर की भी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। तीसरे युवक दुर्गेश पटेल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
https://www.instagram.com/reel/DYDAO82sUBT/?igsh=YjhteGo4bWk4ZTdn
रतनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।