तेज आंधी-बारिश में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
कोरबा/कटघोरा। शनिवार देर शाम कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी ग्राम बस्ती में तेज आंधी और बारिश के बीच ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। दमकल के समय पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी, तारों की जर्जर स्थिति और लीकेज के कारण वायर आपस में टकराए, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ।
🚒 दमकल नहीं पहुंची, ग्रामीणों ने बुझाई आग
घटना के दौरान आसपास दमकल वाहन उपलब्ध नहीं था। पास में केवल एनटीपीसी के पास ही फायर ब्रिगेड की सुविधा होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने रेत, मिट्टी और पानी की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुका था।
💡 बिजली गुल, शादी समारोह में बढ़ी परेशानी
आग की घटना के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उसी समय एक घर में शादी समारोह भी चल रहा था, जिससे मेहमानों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। खाना बनाने और अन्य व्यवस्थाओं में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
🔧 रात में शुरू हुआ सुधार कार्य
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही सुधार कार्य शुरू कर दिया। हालांकि बिजली आपूर्ति सामान्य होने में कई घंटे लग गए।
🏭 औद्योगिक क्षेत्र में फायर व्यवस्था की उठी मांग
ग्रामीणों का कहना है कि छुरी बस्ती एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई फैक्ट्रियां संचालित हैं, लेकिन एनटीपीसी को छोड़कर कहीं भी फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं है। लोगों ने मांग की है कि सभी उद्योगों में अनिवार्य रूप से दमकल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।