Korba – नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु गठित पैनल की बैठक आयोजित

Must read

आगामी नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु गठित पैनल की बैठक आयोजित
आगामी नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए गठित पैनल द्वारा स्वास्थ्य, श्रम, महिला एवं बाल विकास, उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग तथा जिला अंत्यवसायी समिति के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा दिनांक 09 मई 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 09 मई 2026 को जिला न्यायालय कोरबा एवं तहसील विधिक सेवा समिति कटघोरा, करतला एवं पाली तथा समस्त राजस्व न्यायालयों में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संतोष शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गठित न्यायाधीशों की पैनल द्वारा आयोजित बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग तथा जिला अंत्यवसायी सहकारी समिति के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत कोरबा, कटघोरा, पाली एवं करतला के न्यायालयों सहित राजस्व न्यायालयों में खंडपीठों का गठन किया जाएगा, जो वर्चुअल एवं भौतिक दोनों माध्यमों से कार्य करेंगी। प्रकरणों का निस्तारण नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते (राजीनामा) के आधार पर किया जाएगा।
गठित पैनल द्वारा सभी विभागीय प्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे पक्षकारों/लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा नियमानुसार लाभ प्रदान करें, ताकि नेशनल लोक अदालत के आयोजन का मूल उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो सके।

More articles

Latest article