मोदी के जन्मदिन पर जयसिंह अग्रवाल ने पूछा- 25 साल की सेवा का दावा है तो हिसाब भी दीजिए
BEC 36 NEWS
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा सेवा और समर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाने के बीच पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों व अधूरे वादों को लेकर सवाल उठाए हैं।
पत्रकार वार्ता में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष को उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, लेकिन लोकतंत्र में केवल उत्सव और प्रचार से उपलब्धियां साबित नहीं होतीं। जनता के जीवन में कितना बदलाव आया और सरकार ने क्या परिणाम दिए, यही वास्तविक रिपोर्ट कार्ड है।
उन्होंने रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, नोटबंदी और जीएसटी को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि युवाओं को रोजगार देने के वादों का क्या हुआ, किसानों की आय वास्तव में कितनी बढ़ी और नोटबंदी से कालेधन के खिलाफ कितनी उपलब्धि हासिल हुई।
छत्तीसगढ़ की गारंटियों पर भी सवाल
जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से किए गए वादों की वर्तमान स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सालाना दो लाख सरकारी नौकरियां, 500 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर और 100 दिन में अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसे वादों का हिसाब मांगते हुए कहा कि जनता अब भाषण नहीं, बल्कि गारंटी का परिणाम जानना चाहती है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना बंद किए जाने, गोठान और गौसेवा से जुड़े वादों की स्थिति पर भी सवाल उठाए।
15 लाख, स्मार्ट सिटी और आवास योजना का भी जिक्र
अग्रवाल ने 15 लाख रुपये से जुड़े चुनावी दावे, 100 स्मार्ट सिटी के लक्ष्य और वर्ष 2022 तक प्रत्येक बेघर को आवास देने के लक्ष्य की वर्तमान स्थिति पर भी जवाब मांगा। उन्होंने सरकारी संपत्तियों के विनिवेश का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।
मणिपुर हिंसा और मीडिया की स्वतंत्रता पर भी सवाल
मणिपुर हिंसा और विस्थापन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मीडिया की स्वतंत्रता और सरकार की आलोचना के अधिकार को लेकर भी स्पष्ट नीति की मांग की।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के जन्मदिन के आयोजन का विरोध नहीं कर रहे हैं। उनका सवाल सरकार की जवाबदेही और जनता से किए गए वादों को लेकर है। यदि 25 वर्ष की सेवा का दावा है, तो जनता के सामने 25 वर्ष का हिसाब भी रखा जाना चाहिए।
BEC 36 NEWS | कोरब