12 घंटे में बदला नगर कोतवाली का प्रभार, कोरबा पुलिस के फैसले ने बढ़ाई चर्चाएं
कोरबा। कोरबा पुलिस विभाग का एक प्रशासनिक फैसला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नगर कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही घंटे बाद आदेश बदल दिया गया और नए थाना प्रभारी की नियुक्ति कर दी गई। इस घटनाक्रम ने पुलिस विभाग के भीतर और बाहर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
29 जून को नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थाना प्रभारी एम.बी. पटेल को हटाकर कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी को नगर कोतवाली का प्रभारी नियुक्त किया था। 30 जून की सुबह उन्होंने पदभार ग्रहण भी कर लिया, लेकिन शाम होते-होते जारी नए आदेश में उन्हें रक्षित केंद्र भेज दिया गया। उनकी जगह निरीक्षक प्रमोद डडसेना को नगर कोतवाली थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया गया।
महज 12 घंटे के भीतर बदले इस फैसले के पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, आम जनता की अपेक्षा यही है कि थाना प्रभारी कोई भी हो, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हो, कानून-व्यवस्था मजबूत बने और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे। अब देखना होगा कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में नगर कोतवाली क्षेत्र की पुलिसिंग में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।