Home Breaking News संविधान दिवस पर अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कांग्रेसजनों ने किया माल्यार्पण, लोकतांत्रिक... कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर की ओर से घंटाघर चौक के पास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार है। यह देशवासियों को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व के आदर्श प्रदान करता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता, न्याय और भाईचारे के साथ जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।
सांसद प्रतिनिधि एवं आदिवासी शक्तिपीठ के संरक्षक मोहन सिंह प्रधान ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता प्रदान करता है। संविधान धर्म, जाति, लिंग और जन्मस्थान के आधार पर भेदभाव का निषेध करता है।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य संवैधानिक जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष सपना चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, पार्षद गीता गभेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, पूर्व एल्डरमैन मनीराम साहू, पूर्व पार्षद प्रदीप जायसवाल, डॉ. रामगोपाल यादव, मंडल अध्यक्ष इकबाल कुरैशी, रवि खुंटे, ममता अग्रवाल, मनहरण राठौर, संतोष यादव, अगहन बाई, डॉ. डी.आर. नेताम, निर्मल राज, सुनील निर्मलकर, सीमा कुर्रे, पुष्पा पात्रे, बली चौहान, त्रिवेणी मिरी एवं रामकुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।