विश्व दृष्टि दिवस पर विद्यार्थियों को दिया नेत्र स्वास्थ्य का संदेश …….“अपनी आंखों से प्यार करें” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

Must read

     

    कोरबा, 08 अक्टूबर 2026।
    विश्व दृष्टि दिवस प्रत्येक वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे गुरुवार को विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इस अवसर पर गुरुवार को कोरबा जिले में स्वास्थ्य विभाग एवं साइटसेवर्स इंडिया के मार्गदर्शन में, साइटसेवर्स इंडिया द्वारा प्रारंभ एवं सोशल रिवाइवल ग्रुप्स ऑफ अर्बन रूरल एंड ट्राइबल ( स्रोत) संस्था द्वारा संचालित “नेत्र वसंत – ग्रामीण नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम” के अंतर्गत एक दिवसीय नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

    इस वर्ष विश्व दृष्टि दिवस की थीम “लव योर आइज़” अर्थात “अपनी आंखों से प्यार करें” रखी गई है। इसी संदेश के साथ साड़ा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, परिवहन नगर, कोरबा में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के बीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी आंखों की नियमित देखभाल, नेत्र रोगों की रोकथाम तथा समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था।

    कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरवानी, विकासखंड करतला के सहायक नेत्र अधिकारी श्री मनोज महंत एवं जिला परियोजना समन्वयक श्री आशीष प्रकाश दान द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न नेत्र रोगों एवं उनके बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सूखी आंखों की बीमारी, निकट दृष्टिदोष, काला मोतिया, मोतियाबिंद, नेत्रदान सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी प्रदान की गई।

    जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका दृष्टि परीक्षण विशेषज्ञ श्रीमती शुभा यादव द्वारा सरल एवं उपयोगी तरीके से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। विद्यार्थियों को नियमित नेत्र जांच कराने तथा आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।

    जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने नेत्र स्वास्थ्य, आंखों की सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुश्री रेनू खैरवार, पाली विकासखंड तथा कोरबा ग्रामीण क्षेत्र से सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती सुमनलता श्रीवास भी उपस्थित रहीं।

    कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि “अपनी आंखों से प्यार करें, उनकी देखभाल करें और बेहतर दृष्टि के लिए समय पर नेत्र जांच कराएं।”

    More articles

    Latest article