बलगी सब स्टेशन में नकाबपोश गिरोह का धावा, CCTV में कैद हुई वारदात; कर्मचारी पर जानलेवा हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। एसईसीएल के बांकीमोंगरा क्षेत्र स्थित बलगी सब स्टेशन में शुक्रवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें 15 से अधिक नकाबपोश बदमाशों को सब स्टेशन परिसर में घुसते हुए देखा जा सकता है। इस घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे सब स्टेशन में तीन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस बदमाश परिसर में घुस आए और कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। दो कर्मचारी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि संजय कुमार क्षत्री को बदमाशों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमलावरों ने सब स्टेशन में लगे मॉनिटर को भी तोड़ दिया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, एक लैंडलाइन फोन और केबल तार भी अपने साथ ले गए। पूरी घटना सब स्टेशन में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें नकाबपोश बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
घायल कर्मचारी की शिकायत पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के विरोध में शनिवार को कर्मचारियों और विभिन्न श्रमिक संगठनों ने सब एरिया कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पहले भी बलगी सब स्टेशन और आसपास की खदानों में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी, सभी सब स्टेशनों में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई।