पुरानी बस्ती के युवक की अपहरण की आशंका, आधा दर्जन लोग कार में बैठाकर ले गए, कई लोगों की थी देनदारी
कोरबा। शहर में एक युवक के कथित अपहरण की खबर से सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती कोरबा निवासी विजय सिंधी नामक युवक को बीती रात कुछ अज्ञात लोग जबरन अपने साथ ले गए।
सूत्रों के मुताबिक विजय सिंधी पहले पुरानी बस्ती स्थित भंडारी चौक में रहता था। बताया जा रहा है कि वह कई लोगों से पैसे लेने के मामले में विवादों में घिरा हुआ था। जब लोगों ने उससे रकम वापस करने का दबाव बनाया तो वह रायगढ़ चला गया था। कुछ समय बाद वह वापस कोरबा लौटा, लेकिन पुरानी बस्ती में न रहकर बालको क्षेत्र में रहने लगा।
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब आधा दर्जन लोग एक चार पहिया वाहन में पहुंचे और विजय को अपने साथ जबरन बैठाकर ले गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों को साथ लेकर पुरानी बस्ती पहुंची। यहां पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ लोगों को युवक को जबरदस्ती वाहन में ले जाते हुए देखा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और युवक की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे लेन-देन का विवाद कारण माना जा रहा है।