कोहड़िया में युवक की नुकीले हथियार से जघन्य हत्या, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव, कई बिंदुओं पर जांच
कोरबा। जिले के बरपारा-कोहड़िया क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। 27 वर्षीय बसंत पटेल की नुकीले हथियार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक बसंत पटेल जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ का मूल निवासी था और पिछले तीन वर्षों से बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था। वह औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा स्थित एक उद्योग में काम करता था।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तब उन्होंने बसंत का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राथमिक जांच में युवक की पीठ पर कई वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बसंत ने जान बचाकर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने दौड़ाकर उस पर हमला किया।
जानकारी के मुताबिक बसंत के छोटे भाई की शादी थी। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों को गांव छोड़कर 8 मई को कोरबा लौटा था। 9 मई की सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
गौरतलब है कि जिस मोहल्ले में यह वारदात हुई, उसी इलाके में प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री का भी निवास है। इलाके में हुई इस जघन्य हत्या के बाद लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।