कोरबा: लड़की बनकर ज्वेलर्स में डकैती की कोशिश करने वाला तीसरा आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार, जेल में बनी थी साजिश

Must read

कोरबा | कटघोरा क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को कोरबा पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए कर्नाटक के श्री सत्य साईं जिले के हिंदुपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में छिपकर काम कर रहा था। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में संचालक अकेले मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे गमछे से ढंक रखे थे। इनमें दो पुरुष और एक आरोपी महिला के भेष में था।
आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठियां दिखाने को कहा। जैसे ही संचालक अलमारी से अंगूठियां निकालकर दिखाने लगे, एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर संचालक के सीने पर अड़ा दिया। बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने की भी कोशिश की, लेकिन संचालक ने साहस दिखाते हुए कट्टे को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर छीना-झपटी हुई। वहीं महिला के भेष में आया आरोपी दुकान का सामान बैग में भरने लगा।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग दुकान के बाहर जुटने लगे। भीड़ को देखकर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। भागते समय वे अपना कट्टा, मिर्च पाउडर, चप्पल और बाइक वहीं छोड़ गए। घटना में संचालक के हाथ, कलाई और आंख के नीचे चोटें भी आईं। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर और थाना प्रभारी एम.बी. पटेल के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। पुलिस ने पहले ही गोपाल सिंह गौड़ और परदेसी राम राठिया को 6 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। जबकि तीसरा आरोपी विष्णु राठिया घटना के बाद से फरार था।
लगातार तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से पुलिस को आरोपी की लोकेशन कर्नाटक के हिंदुपुर औद्योगिक क्षेत्र में मिली। इसके बाद विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 18 जुलाई को आरोपी विष्णु राठिया को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 237/26 में धारा 309(6), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जेल में बनी थी डकैती की साजिश
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि तीनों आरोपी पहले जेल में बंद रह चुके थे, जहां उनकी दोस्ती हुई। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से ज्वेलर्स की दुकान में डकैती की योजना बनाई। शक से बचने के लिए विष्णु राठिया लड़की के भेष में दुकान पहुंचा था। वारदात के दौरान तीनों ने मिलकर डकैती का प्रयास किया, लेकिन संचालक के विरोध और लोगों के जुटने से उनका मंसूबा नाकाम हो गया।
पुलिस ने जांच के दौरान डकैती में लूटा गया सामान धरमजयगढ़ क्षेत्र से भी बरामद कर लिया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी से अब डकैती से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

    More articles

    Latest article