कोरबा में दिनदहाड़े सर्राफा दुकान पर धावा: मिर्च पाउडर फेंककर कर्मचारियों पर हमला, असली के धोखे में नकली जेवर लेकर फरार हुए बदमाश
लुटेरों की बाइक और देशी कट्टा दुकान में ही छूटा, शहरभर में नाकेबंदी कर पुलिस कर रही तलाश
कोरबा। 

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला मुख्य मार्ग स्थित एक सर्राफा दुकान में बुधवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और पहले गहने दिखाने की बात कही। मौका मिलते ही उन्होंने जेवर समेट लिए और भागने लगे। जब दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने मिर्च पाउडर फेंक दिया। विरोध करने पर एक कर्मचारी पर चाकू से हमला किया गया, जबकि दूसरे को दांत से काटकर घायल कर दिया गया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी अपनी प्लैटिना बाइक वहीं छोड़कर पैदल ही भाग निकले। भागते समय वे कुछ सोने-चांदी के जेवर साथ ले गए। बताया जा रहा है कि बरामद सामान में कुछ असली और कुछ आर्टिफिशियल आभूषण भी शामिल हैं।
घटनास्थल से पुलिस ने लुटेरों की बिना नंबर वाली प्लैटिना मोटरसाइकिल और दुकान के काउंटर पर छोड़ा गया एक देशी कट्टा बरामद किया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एम.बी. पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।