कोरबा पुलिस का बड़ा अलर्ट सर्राफा व्यापारियों और गोल्ड लोन कंपनियों के लिए सख्त सुरक्षा गाइडलाइन जारी

Must read

कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले के सर्राफा व्यापारियों और गोल्ड लोन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में हुई इस बैठक में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलेभर के सर्राफा व्यापारी, गोल्ड लोन कंपनियों के प्रतिनिधि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपराधियों से सुरक्षित रखना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना था।
बैठक में व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी दुकानों और कार्यालयों में हाई क्वालिटी CCTV कैमरे लगाए जाएं, ताकि दुकान के अंदर और बाहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस ने CCTV रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने और समय-समय पर कैमरों की जांच कराने की भी सलाह दी।
इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में पर्याप्त रोशनी, प्रशिक्षित एवं सत्यापित सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति, कैश और आभूषणों के सुरक्षित परिवहन तथा कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों का पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की प्रतिलिपि सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की हिदायत दी। विशेष रूप से मास्क पहनकर आने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित किए बिना कीमती सामान नहीं देने की बात कही गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर देने की अपील भी की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

More articles

Latest article