आधुनिक सुविधाओं से लैस नए सिटी कोतवाली भवन का लोकार्पण

कोरबा शहर की पुलिसिंग व्यवस्था को अब नई मजबूती मिलने जा रही है। मंगलवार को कोतवाली परिसर में नवनिर्मित सिटी कोतवाली थाना भवन और ई-मालखाने का लोकार्पण किया गया। मंत्री लखन लाल देवांगन और आईजी रामगोपाल गर्ग ने वर्चुअल माध्यम से भवन का लोकार्पण किया।
नवीन थाना भवन में आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप सुविधाएं विकसित की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि नए भवन से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।