आईपीएल सट्टा का बड़ा खुलासा: मोबाइल ऐप से लाखों का खेल, सक्ती पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Must read

सक्ती। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसके जरिए लाखों रुपये के लेनदेन किए जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में आईपीएल सट्टे पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि रानीसागर तालाब के पास एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक संदिग्ध युवक मोबाइल चलाते मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम भूपेन्द्र राठौर (28 वर्ष), निवासी रानीसागर पारा, वार्ड क्रमांक 09 सक्ती बताया।
मोबाइल की जांच करने पर आरोपी द्वारा विभिन्न बेटिंग ऐप और वेबसाइट्स के माध्यम से आईपीएल मैचों में हर रन, बॉल और विकेट पर दांव लगवाना सामने आया। आरोपी क्यूआर कोड जनरेट कर अलग-अलग आईडी बनाता था और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए लोगों को साझा कर सट्टा खिलाता था। इस माध्यम से वह लाखों रुपये का लेनदेन कर रहा था।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत कार्रवाई करते हुए 30 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सक्ती पुलिस एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

More articles

Latest article