अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव विजय जांगीड़ व चंदन यादव एवं भारत जोडो न्याय यात्रा के प्रदेश संयोजक जयसिंह अग्रवाल ने जिला कांग्रेस कार्यालय में ली बैठक

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत आगामी 11 व 12 फरवरी को कोरबा जिला में यात्रा करेंगे। यात्रा को सफल बनाने के लिए कोरबा में पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल की देखरेख में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में कोरबा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कोरबा जिले से समस्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव विजय जांगीड़ और चंदन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने सम्बोधन में चंदन यादव ने उपस्थित जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी की इस महत्वपूर्ण यात्रा का मुख्य उद्देश्य न्याय का हक हासिल करने के लिए नागरिकों को जागरूक करने के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों का अहम् हिस्सा है और इसी लिए उनका यह राष्ट्रव्यापी अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में 11 व 12 फरवरी को राहुल गांधी कोरबा के लोगों से मिलने के लिए आ रहे हैं। उनकी इस ऐतिहासिक यात्रा को सफल बनाने के लिए हम सभी को पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।

सम्बोधन की अगली कड़ी में एआईसीसी सचिव एवं कांग्रेस सहप्रभारी विजय जांगीड़ ने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी की इस ऐतिहासिक यात्रा को व्यापक पैमाने पर सफल बनाने के लिए हर कांग्रेसी को तन-मन से योगदान करना है और राष्ट्रहित के इस मिशन के सहभागी बनना हैं। उन्होंने अपील किया कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हों। उन्होने कहा कि कोरबा एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है जहां बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग निवासरत है। इस नजरिए से भी कोरबा का महत्व बहुत बढ़ जाता है और सभी कार्यकर्ताओं को अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए इसे सफल बनाना है। यह पार्टी का एक महत्वपूर्ण मिशन है, किसी व्यक्ति विशेष का नही। इसे सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इससे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा जिला कांग्रेस द्वारा की जा रही तैयारियों का विस्तृत व्यौरा प्रस्तुत किया और बताया कि कोरबा शहर में राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा सीतामणी क्षेत्र में प्रवेश करेगी और शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर उनके भव्य स्वागत की पूरी व्यवस्था रहेगी और इसके साथ ही टी पी नगर चौराहे पर उपस्थित जनों को राहुल गांधी द्वारा सम्बोधित किया जाएगा। यहां से इंदिरा स्टेडियम परिसर जायेंगे। तत्पश्चात पुनः टी पी नगर चौक से यात्रा सीएसईबी चौक से होते हुए दर्री-छूरी होते हुए कटघोरा के लिए आगे बढ़ेगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने कोरबा जिला महिला कांग्रेस की बैठक संपन्न

भारत जोडो न्याय यात्रा अभियान के तहत दिनांक 11 एवं 12 फरवरी को कोरबा में प्रस्तावित राहुल गांधी के कार्यक्रम में सफल बनाने के लिए कोरबा जिला महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय कोरबा में सम्पन्न हुई। महिला जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने उपस्थित समस्त महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान को सफल बनाने के लिए हम सभी को पूरी निष्ठा के साथ एकजुटता का परिचय देते हुए प्रयास करना है कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता मिले। उन्होने अपनी रणनीति साझा करते हुए कहा कि हम सभी अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क करना है और राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह करना है। हम सभी को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चिन्हांकित स्थानों पर जिम्मेदारी के साथ समय पर उपस्थित होना है। राहुल गांधी इस न्याय यात्रा के माध्यम से आम नागरिकों के हक की लड़ाई के तहत विशेष जागरूकता का प्रसार कर रहे हैं। जो सभी के हित में है।
उन्होंने कहा कि हम सबका यह दायित्व है कि इस न्याय यात्रा अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाये। कोरबा में राहुल गांधी का आगमन कार्यकर्ताओं में नई उर्जा का संचार करेगा, इसमंे संदेह नही। राहुल जी का यह अभियान आम नागरिको के हित में है।