VIDEO – वेदांता प्लांट हादसा: ‘किसकी लापरवाही से गई जान?’—कांग्रेस का तीखा हमला, जांच कमेटी ने मौके पर घेरा सिस्टम,, देखे वीडियो
https://youtu.be/FW5bzhIQC_s?si=muEo8pMtz1i8j90-
कोरबा/सक्ति। सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि कई घायल मजदूरों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत भी शामिल हैं, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आखिर इस घटना की निष्पक्ष जांच कौन करवाएगा।
https://youtu.be/i4szRE8RaN4?si=XmNcPFC1Prav1Zk-
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि इस हादसे में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए कई मजदूरों की जान चली गई है, जो यहां रोजी-रोटी कमाने आए थे।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि समय-समय पर सुरक्षा मानकों की जांच होती रहती, तो शायद इस तरह की भयावह घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सरकार की ओर से कोई जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
जांच कमेटी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और हालचाल जाना। कमेटी ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंप दी जाएगी।
इस दौरान कमेटी के सदस्य नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रहीम गबेल और राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।