भंवतरा में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, बुजुर्ग दंपति समेत नाती-नातिन की मौत, गांव में दहशत

Must read

 

जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग दंपति समेत उनके नाती-नातिन की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी 65 वर्षीय पत्नी कांति बाई, 25 वर्षीय नातिन मोगरा और 17 वर्षीय नाती पीतांबर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात हमलावर घर में घुसे और टांगी जैसे धारदार हथियार से चारों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक टांगी भी बरामद की है।
मृतकों की रिश्तेदार उतरा बाई ने आरोप लगाया है कि परिवार के बड़े पिता ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी अपने भाई की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि परिवार इन दिनों नए मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री घर पहुंचा, तब उसने चारों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप समेत पुलिस की टीम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक शेषराज हरवंश ने भी गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।
पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं जानकारी यह भी सामने आई है कि मृतक परिवार के एक बेटे की करीब 16-17 वर्ष पहले भी हत्या हो चुकी थी। फिलहाल पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

More articles

Latest article