
कोरबा। ।कुसमुंडा में रील बनाने का शौक एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। अहिरन नदी में डूबे निखिल सिंह का करीब तीन मिनट 56 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। वीडियो में दिख रहा है कि निखिल अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था। माहौल पूरी तरह मस्ती का था। मोबाइल कैमरा चालू था और निखिल नदी में छलांग लगा देता है। शुरुआत में वह पानी में तैरता और हाथ हिलाता नजर आता है। किनारे पर खड़े दोस्त लगातार वीडियो बनाते रहते हैं। कुछ सेकंड बाद निखिल की हरकतें बदलने लगती हैं। वह खुद को संभालने की कोशिश करता दिखता है। कभी हाथ ऊपर उठाता है तो कभी पानी में तेजी से छटपटाता नजर आता है। लेकिन दोस्तों को लगता रहा कि यह सब रील का हिस्सा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ देर बाद निखिल का दम फूलने लगा था। उसकी आवाज और हरकतों में घबराहट साफ महसूस हो रही थी। जब तक दोस्तों को एहसास हुआ कि वह सचमुच डूब रहा है, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। देखते ही देखते निखिल पानी के भीतर समा गया। घटना के दो दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।





