छत्तीसगढ़ में अब लॉकडाउन – स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की सिफारिश पर CM बघेल ने दिए निर्देश, स्थानीय परिस्थितियों को देखकर कलेक्टर जारी करेंगे आदेश…. दुर्ग जिले में 6 से 14 अप्रैल तक टोटल लॉकडाउन, बेमेतरा में दोपहर 2 बजे से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा; प्रदेश में एक दिन में सबसे अधिक 4617 नये मरीज मिले श

छत्तीसगढ़ कोरोना से बुरी तरह प्रभावित शीर्ष पांच राज्यों में दूसरे स्थान पर है। जनसंख्या के अनुपात में यहां सक्रमण की रफ्तार बड़े राज्यों की अपेक्षा अधिक दिख रही है।

गुरुवार को राज्य में 25 मरीजों की मौत भी हुई, अभी तक 4204 लोग जान गवां चुके

छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक कोरोना प्रभावित दुर्ग जिले में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक टोटल लॉकडाउन जबकि बेमेतरा में अगले आदेश तक आंशिक लॉकडाउन की घोषणा की गई है। दुर्ग के कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने अपील की है कि जिले में संक्रमण के तेज प्रसार को नियंत्रित करने ये जरूरी है कि लॉकडाउन के माध्यम से कोरोना की गतिशीलता को नियंत्रित किया जाए। इसके लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

वहीं बेमेतरा शहर में जिला प्रशासन ने शुक्रवार से लॉकडाउन लगा दिया है। इसके साथ ही बेमेतरा, नवागढ़, बेरला, मारो और ग्राम पंचायत भेड़नी को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इन सभी स्थानों पर सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुल सकेंगी। शेष सभी को खोलने पर रोक लगा दी गई है।

पिछले 24 घंटे में राज्य में एक दिन में सबसे अधिक नए मरीज मिले

राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,617 नए केस मिले हैं जो अब तक एक दिन में मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। वहीं गुरुवार को 25 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। इससे पहले पिछले साल 26 सितम्बर को एक दिन में सबसे अधिक 3 हजार 896 मरीज मिले थे। उसके बाद से यह आंकड़ा घटने लगा था। मार्च 2021 की शुरुआत में यह एक दिन में 144 मरीज तक पहुंच गया था। लेकिन बीते तीन सप्ताह में नए मरीजों की संख्या में तेजी से बढोतरी हुई है। 27 मार्च को प्रदेश में 3 हजार 162 मरीज मिले थे। 30 मार्च को यह संख्या थोड़ी घटकर 3 हजार 108 तक पहुंची। लेकिन बुधवार को यह तेजी से बढ़कर 4 हजार 563 तक पहुंच गई। गुरुवार को यह आंकड़ा 4 हजार 617 तक पहुंच गया।

पिछले एक सप्ताह में ऐसे बिगड़े हैं हालात

तारीख कुल टेस्ट नए मरीज मौत
01 अप्रैल 40857 4617 25
31 मार्च 38420 4563 28
30 मार्च 27569 3108 29
29 मार्च 8263 1423 18
28 मार्च 24686 2153 14
27 मार्च 39577 3162 11
26 मार्च 38375 2665 22
(स्रोत: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का कंट्रोल एंड कमांड सेंटर)

कोरोना अपडेट

प्रदेश में कोरोना वायरस के एक नये वेरिएंट का पता चला है। N-440 नाम के इस वेरिएंट के प्रभाव का पता लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की सिफारिश पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभावित जिलों में लॉकडाउन के निर्देश दिये हैं। स्थिति की समीक्षा के बाद कलेक्टरों को इसका अंतिम फैसला करना है। दुर्ग और बेमेतरा जिले में लॉकडाउन का आदेश जारी भी हो चुका है।
स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुटि्टया निरस्त करने का निर्देश जारी किया है। विभाग अपने पूरे मानव संसाधन का इस्तेमाल कोरोना के खिलाफ लड़ाई में करना चाहता है।
भिलाई में जिला प्रशासन ने शहर के सभी 8 बड़े सब्जी बाजारों को पूरी तरह बंद करा दिया है। चौपाटी भी खाली करा ली गई है।
केंद्र सरकार के निर्देश पर पूरे प्रदेश में प्रतिदिन कोरोना टीका लगाने का आदेश जारी हुआ है। अब रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन भी टीका लगाने का काम जारी रहेगा।
रायपुर में अब तक 66,999 लोग संक्रमित हो चुके

रायपुर जिले में गुरुवार को 1327 नये मरीज सामने आए। इनको मिलाकर अब तक संक्रमण की चपेट में आये लोगों का आंकड़ा 66 हजार 999 पहुंच गया है। इनमें से 58 हजार 682 लोग तो ठीक हो गये, लेकिन 914 लोगों की जान चली गई। जिले में अभी 7403 मरीजों का इलाज चल रहा है।

दुर्ग में 9,883 एक्टिव केस

दुर्ग जिले में गुरुवार को 996 नये मामले सामने आये। वहीं 7 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई। इनको मिलाकर यहां मरने वालों की संख्या 754 हो गई है। दुर्ग जिले में अब तक 40 हजार 68 लोग संक्रमण से प्रभावित हो चुके हैं। वहां अभी एक्टिव मरीजों की संख्या 9883 है। यह प्रदेश में सर्वाधिक है।

राजनांदगांव की भी हालत बेकाबू

राजनांदगांव जिले में भी हालात बेकाबू दिख रहे हैं। गुरुवार को राजनांदगांव में 437 नये मरीज सामने आये। एक मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिली। इनको शामिल कर जिलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 2084 हो गई है। यहां अभी तक 200 मरीजों की जान जा चुकी है।

बेमेतरा में कोरोना

जिले में अब तक 6274 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें से 78 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 1017 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। गुरुवार रात तक कोरोना संक्रमण के 118 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि 5179 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है।

राज्य में अब 28,987 एक्टिव मरीज

प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 28 हजार 987 हो गई है। गुरुवार को रायपुर में सर्वाधिक 1327 मरीज मिले हैं। दुर्ग जिले में 996 मरीज सामने आये हैं। राजनांदगांव में 437, बिलासपुर में 288, महासमुंद में 182, बालोद में 130, बेमेतरा में 118, धमतरी में 115 नये मरीज मिले हैं। सभी जिलों में संक्रमण की संख्या बुधवार के मुकाबले बढ़ा हुआ है।