कोरबा में आवारा कुत्तों का खूनी आतंक: 5 वर्षीय मासूम को नोच-नोचकर मार डाला, इलाके में आक्रोश

Must read

कोरबा, 16 जुलाई। कोरबा शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक, दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह किशोर पटेल का पुत्र था और पहली कक्षा में पढ़ता था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है तथा वर्तमान में दादर क्षेत्र में मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहा है।
घर लौटते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे किशोर पटेल एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा प्रकाश उनसे मिलने पहुंचा। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौटने लगा। रास्ते में पहले से घूम रहे 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम को जमीन पर गिराकर बेरहमी से नोचना शुरू कर दिया और उसे घसीटते रहे।
चीख सुनकर दौड़े पिता, लेकिन नहीं बच सकी जान
बेटे की दर्दनाक चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया। तब तक प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो चुका था। आनन-फानन में उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आवारा कुत्तों के आतंक से दहशत में लोग
इस घटना के बाद दादर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले भी स्कूली बच्चों, राहगीरों और बुजुर्गों पर हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासन से उठी सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन तथा नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

More articles

Latest article