शिक्षक दिवस पर कांग्रेस ने किया डॉ. राधाकृष्णन का स्मरण सुभाष चौक में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को किया नमन

कोरबा। देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा सुभाष चौक, निहारिका में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अकादमिक शिक्षा प्राप्त करने के साथ अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय शिक्षक के रूप में बिताया और असंख्य विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने एक आदर्श शिक्षक के रूप में समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही राष्ट्रपति के रूप में भी उन्होंने देश को बेहतर नेतृत्व प्रदान किया।
पूर्व अध्यक्ष नत्थू लाल यादव ने डॉ. राधाकृष्णन के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की, जो आज भी पूरे देश में जारी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि भारतीय समाज में शिक्षकों का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। शिक्षक दिवस गुरु-शिष्य की महान परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के बावजूद शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना आज भी कायम है।
ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि प्राचीन गुरुकुल परंपरा आज विद्यालयों के रूप में आगे बढ़ रही है। व्यक्ति की सफलता में गुरुजनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक अपने ज्ञान और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने में सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के ऋण से कभी मुक्त नहीं हुआ जा सकता।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व में गौतम बुद्ध की तरह अपार करुणा और मानवता की भावना थी।
कार्यक्रम में कुसुम द्विवेदी, सपना चौहान, अर्चना उपाध्याय, रवि चंदेल, शशि अग्रवाल, अमृता निषाद, गिरधारी बरेठ, गजानंद साहू, संतोष राठौर, देवीदयाल सोनी, एफ.डी. मानिकपुरी, महेंद्र थवाईत (गुड्डू), हिमांशु सिंह, सुभद्रा सिंह, रामगोपाल यादव, पालुराम साहू, सनीष कुमार, दुष्यंत शर्मा, संतोष यादव, समारू बरेठ, जवाहर निर्मलकर, डॉ. डी.आर. नेताम, कृपाराम साह सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।