पुलिस लाइन में मिला बेहद जहरीला कॉमन करैत, जितेंद्र सारथी ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Must read

    कोरबा। कोरबा पुलिस लाइन में मंगलवार रात करीब 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब रिहायशी इलाके में एक बेहद जहरीला कॉमन करैत (Common Krait) सांप दिखाई दिया। स्थानीय तौर पर इसे घोड़ा करैत भी कहा जाता है। सांप को देखकर पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों में डर का माहौल बन गया।
    सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी के साथ सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर रखा गया, जिससे लोगों और सांप दोनों को किसी तरह का नुकसान न हो।
    समय पर रेस्क्यू से टला खतरा
    पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं और आसपास बच्चों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में रिहायशी परिसर में जहरीले सांप का मिलना चिंता का विषय था। समय पर रेस्क्यू होने से संभावित सर्पदंश की घटना टल गई और परिवारों ने राहत की सांस ली।
    सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर उठे सवाल
    घटना के बाद पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों ने परिसर की सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। परिवारों का कहना है कि कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और आसपास सफाई की कमी के कारण सांप जैसे जहरीले जीवों का खतरा बढ़ जाता है।
    परिवारों ने परिसर में नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों ने चिंता जताई।
    अधिकारियों को दी गई जानकारी
    जितेंद्र सारथी ने मौके से ही पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को परिसर में रोशनी और सफाई से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर कराने की जरूरत बताई। अधिकारियों की ओर से इस संबंध में जल्द आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।
    लोगों से सावधानी बरतने की अपील
    जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास सफाई रखें और झाड़ियों, कचरे या पुराने सामान को जमा न होने दें। रात के समय बाहर निकलते वक्त टॉर्च या पर्याप्त रोशनी का इस्तेमाल करें और बच्चों को अंधेरे में बाहर खेलने से रोकें।
    उन्होंने कहा कि घर या आसपास जहरीला सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
    सर्पदंश होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें
    उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो समय बर्बाद किए बिना उसे तत्काल जिला अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं। सर्पदंश की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय उपचार बेहद जरूरी है।

    More articles

    Latest article