उप मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की
कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुवात में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक नौशाद खान ने स्वागत उद्बोधन में मंचस्थ मुख्य अतिथि एवं सम्माननीय अतिथियों कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्माननीय सदस्यों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि साडा कार्यकाल में जयसिंह के समय प्रेस क्लब को पहला भवन मिला था, जिसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ। बाद में सदस्यों की संख्या बढ़कर 120-130 होने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत और महापौर लखन लाल देवांगन के कार्यकाल में तिलक भवन की नींव पड़ी। कोरबा प्रेस क्लब के केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख करने पर महापौर संजू देवी राजपूत का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का नारा है ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’। मुझे विश्वास है कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव हमारे प्रेस क्लब को संवारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्य अतिथि की आसंदी से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान राज्य स्तर पर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करें। नई तकनीकों और एआई के दौर में पत्रकारिता के स्वरूप में बदलाव आया है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की गतिविधियों और समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।समारोह में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए तथा लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहेगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि कोरबा प्रेस क्लब के चुनाव के बाद आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत भव्य और अभूतपूर्व है। ऐसा प्रतीत होता है कि नव-निर्वाचित कार्यकारिणी पूरी ऊर्जा और पूरे जोश-खरोश के साथ कार्य करने के लिए तत्पर है। मैं नव-निर्वाचित प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, संरक्षक कमलेश यादव और कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ। वर्तमान समय में देश जिस स्थिति से गुजर रहा है, उसमें पत्रकारिता जगत की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। देश व प्रदेश के मौजूदा हालातों को देखते हुए पत्रकारों को अपनी निष्पक्ष और अहम भूमिका निभाते हुए पूरी ईमानदारी से कार्य करने की आवश्यकता है। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने 16 महीनों के कार्यकाल का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखन लाल देवांगन के कुशल नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। नगर निगम के सभी वार्डों में सड़क, नाली, बिजली, पानी, शहर के सौंदर्यीकरण तथा छोटे व्यापारियों के व्यवस्थित पुनर्वास जैसे कार्यों को प्रमुखता से पूरा किया गया है। उन्होंने प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान समेत नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए सकारात्मक सहयोग के लिए पत्रकारों का आभार भी जताया। कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

