पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट, प्रधान पाठक पति और नाबालिग बेटे ने मिलकर की हत्या

Must read

विवाहेत्तर संबंध बना कत्ल की वजह, सकरी पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। विवाहेत्तर प्रेम संबंध के चलते एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर अभिरक्षा में ले लिया।
मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल (30) निवासी राम्हेपुर, थाना लोरमी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका आरोपी की पत्नी के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी रिश्ते को लेकर आरोपी परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 30 मई को दावेन्द्र अपनी प्रेमिका रीना कामले को नया सिम कार्ड देने सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पहुंचा था। इसी दौरान रीना के पति शिव कामले, जो कबीरधाम जिले के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं, ने उसे देख लिया।
आरोप है कि शिव कामले ने अपने नाबालिग बेटे की मदद से दावेन्द्र को घर के भीतर बुलाया और उसे पत्नी से दूर रहने की समझाइश दी। जब वह नहीं माना तो गुस्से में दोनों ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया। बाद में शव को कमरे में छोड़कर नीचे के दरवाजे पर ताला लगा दिया गया।
मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी आरोपी की पत्नी रीना कामले के माध्यम से मिली। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और खिड़की के रास्ते घर के भीतर जाकर देखा तो दावेन्द्र का शव कमरे में पड़ा मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सकरी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कामले और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    More articles

    Latest article